केकड़ी, 19 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राज्य में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भिनाय पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने अवैध हथियारों के साथ फरारी काट रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, एक लाख रुपए नगद व एक आई-20 कार जब्त की है। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व वृत्ताधिकारी मनोज गुप्ता के सुपरविजन में भिनाय थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। 18 अगस्त को हेड कांस्टेबल नवल सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि एक आई-20 कार में दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ आ रहे हैं।

नागोला सरहद पर नाकाबंदी के दौरान दबोचे: सूचना पुख्ता होने पर एएसआई मनोहर सिंह मय जाब्ता ने नागोला सरहद पर नाकाबंदी शुरू की। शाम करीब 5:45 बजे तेज गति से आ रही उक्त कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चला रहे जितेंद्र सिंह (30) पुत्र सुगन सिंह निवासी खोलपुरा थाना कोटड़ी जिला भीलवाड़ा) की तलाशी में उसकी जींस की जेब से मैगजीन लगी देशी पिस्टल व शर्ट की जेब से 4 जिंदा कारतूस (K.F. 7.65) बरामद हुए। कार में पास वाली सीट पर बैठे भैरू सिंह (23) पुत्र तख्त सिंह निवासी देवरिया थाना मांडल जिला भीलवाड़ा) की मौजूदगी में कार के डैशबोर्ड की तलाशी लेने पर 500-500 रुपए के नोटों की दो गड्डियां (कुल 1 लाख रुपए) बरामद हुईं।

बीकानेर के नोखा थाने में चल रहे थे वांछित: पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पुलिस थाना नोखा जिला बीकानेर में दर्ज एक गंभीर मामले में वांछित चल रहे थे व फरारी काट रहे थे। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, एएसआई मनोहर सिंह व नंदकिशोर, हैड कांस्टेबल नवल सिंह (विशेष योगदान), कांस्टेबल ओमसिंह (विशेष योगदान), सुरेश (विशेष योगदान), अजय कुमार, महेश व मनजीत सिंह ने अहम भूमिका निभाई है।

