केकड़ी, 18 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरसड़ी गेट स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर में वैष्णव बैरागी महासभा विकास समिति की बैठक समिति अध्यक्ष गोपाललाल वैष्णव (रणजीतपुरा) की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 30 अगस्त 2026 को प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामूहिक गोठ का आयोजन किया जाएगा। समारोह में वर्ष 2026 में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले समाज के होनहारों को सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत कक्षा 10वीं व 12वीं में 80% या उससे अधिक अंक, स्नातक व स्नातकोत्तर में 70% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, सरकारी सेवा में चयनित प्रतिभाओं, नीट, जेईई व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों तथा राज्य स्तरीय खिलाड़ियों का बहुमान होगा।

होंगे विविध आयोजन: कार्यक्रम को सामाजिक व पारिवारिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य, कुर्सी दौड़, महिला व पुरुष वर्ग के लिए रस्साकशी, गुब्बारा फोड़, किस्मत का खेल सहित अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बैठक में संरक्षक बिरदी चन्द वैष्णव, बजरंग दास सांकरिया, उपाध्यक्ष नारायण कंवरपुरा, जगदीश दास वैष्णव, श्रीराम वैष्णव, परमेश्वर टीलावत, ओम प्रकाश वैष्णव, संजय वैष्णव, गणेश वैष्णव, भैरूदास वैष्णव, तेजपाल वैष्णव, सचिव कैलाश चन्द वैष्णव, मयंक वैष्णव मेहरुकला, सत्य नारायण वैष्णव गन्धेर, गोपी किशन वैष्णव, कृष्ण गोपाल वैष्णव बोगला सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्यों ने भाग लेकर अपने सुझाव दिए। अंत में अध्यक्ष गोपाललाल वैष्णव ने आभार व्यक्त करते हुए समाज बंधुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

