केकड़ी, 23 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): समीपवर्ती रामपाली गांव में ग्रामीणों की सतर्कता व संवेदनशीलता से दो राष्ट्रीय पक्षी मोरों की जान बचाई गई है। गांव में दो मोर बेहद असहाय अवस्था में मिले, जिनकी आंखों की रोशनी पूरी तरह जा चुकी थी। ग्रामीणों की सजगता व तत्परता के बाद दोनों मोरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर इलाज के लिए वन विभाग की टीम को सुपुर्द किया गया। रामपाली में जब ग्रामीणों ने इन मोरों को असहाय स्थिति में देखा व नजदीक जाने पर पता चला कि दोनों मोरों की आंखों की रोशनी नहीं है, तो उन्होंने तुरंत उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी सरपंच प्रतिनिधि सांवरलाल गुर्जर को दी।

वन विभाग को दी सूचना: सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों दृष्टिहीन मोरों को ग्राम पंचायत परिसर में सुरक्षित रखवाया, ताकि वे किसी अन्य आवारा जानवर का शिकार न हो सकें। इसके बाद तत्काल वन विभाग को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे व मोरों की स्थिति का गहनता से निरीक्षण किया। टीम ने दोनों मोरों को अपने संरक्षण में लेकर तुरंत उपचार करवाया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों मोरों को बेहतर व आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उनकी आंखों की दृष्टि व स्वास्थ्य में जल्द से जल्द सुधार हो सके।


