Homeशिक्षारचनात्मक प्रस्तुतियों से दिया मतदाता जागरूकता का संदेश: राजकीय महाविद्यालय में मूक...

रचनात्मक प्रस्तुतियों से दिया मतदाता जागरूकता का संदेश: राजकीय महाविद्यालय में मूक अभिनय, कविता व रैप से जागरूक हुए युवा

केकड़ी, 10 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): स्वीप गतिविधियों के तहत राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता विषय पर विविध रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मूक अभिनय, कविता पाठ और रैप प्रस्तुति के माध्यम से मतदान के महत्व को बेहद आकर्षक व प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं, इसलिए प्रत्येक युवा को अपने मताधिकार के प्रति सचेत रहना चाहिए। कार्यक्रम का आयोजन सहायक प्रोफेसर प्रवीण वर्मा एवं सहायक प्रोफेसर पुष्पेंद्र यादव के मार्गदर्शन में किया गया।

मूक अभिनय, कविता व रैप से दिया संदेश: इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों से सभी को प्रभावित किया। मूक अभिनय के जरिए मतदान न करने के दुष्परिणामों को जीवंत रूप से दर्शाया गया, वहीं कविता पाठ से लोकतांत्रिक चेतना का संदेश दिया गया। इसके अलावा युवा शैली में प्रस्तुत रैप सॉन्ग ने हर किसी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता के अधिकारों व कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। व्यवस्थाओं के संचालन में क्लब अध्यक्ष स्नेहल कुमारी वैष्णव व उपाध्यक्ष हेमलता जोधा ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर डेडिकेटेड AERO जयकांत शर्मा एवं सहायक प्रोग्रामर रमेश माली सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES