केकड़ी, 14 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सर्व समाज की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर बाबा साहब के आदर्शों को याद किया गया। आयोजन के प्रारंभ में नगरपालिका परिसर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर विधायक शत्रुघ्न गौतम व आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात बैंड-बाजे व ढोल-धमाकों के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में करीब 500 महिलाएं मंगल कलश धारण कर शामिल हुईं, वहीं युवा नीले झंडे लहराते व देशभक्ति की धुनों पर जयकारे लगाते चल रहे थे। जुलूस शहर के मुख्य मार्गों तीन बत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, वीर चौराहा व बस स्टैंड से होता हुआ पुनः नगरपालिका पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में विभिन्न संगठनों व समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

डिजिटल लाइब्रेरी व फोरलेन के नामकरण की सौगात: नगरपालिका रंगमंच पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि दलित वर्ग के लिए शीघ्र ही डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। साथ ही उन्होंने नसीराबाद से वाया सावर-देवली स्वीकृत फोरलेन रोड का नामकरण डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर करने की घोषणा की। विधायक ने कहा कि बाबा साहब द्वारा दिया गया संविधान ही अखंड भारत की नींव है, जिससे हर नागरिक को समानता का अधिकार मिला। आयोजन समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रेमचंद मोची व भंवरलाल चौहान ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन कवि देवकरण मेघवंशी ने किया।

ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लाल धागे सरकार चंद्रप्रकाश मीणा, डॉ. जे.एल. मेघवाल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम कुमावत, कर्नल दुर्गा लाल रेगर व एडवोकेट अर्जुन सिंह शक्तावत मंचासीन रहे। अतिथियों का अभिनंदन रोडूमल सामरिया, महेश बोयत व संदीप कंसोटिया ने नीला दुपट्टा पहनाकर किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रतन पंवार, मीडिया प्रमुख महावीर कांसोटिया, किशन परेवा, शैतान तारावत, महेंद्र गढ़वाल, कमल खटीक, प्रभु लाल जाग्रत, चेतन रेगर, नोरतमल मुंडेतिया, पूरणमल झारोटिया, जगदीश बड़ोला, गोपाल लाल बदलोटिया व सुरेश गढवाल आदि ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

गुलगांव में भी हुआ आयोजन: इसी प्रकार गुलगांव में भीम आर्मी के तत्वावधान में अंबेडकर जयंती मनाई गई। आईटी सेंटर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका जीवन सामाजिक न्याय व मानवीय गरिमा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को त्यागने, शिक्षा व विशेषकर बालिका शिक्षा पर जोर देने का आह्वान किया। इस दौरान हरीश चन्द्र सिंह, जसवेन्द्र सिंह सांकरिया, लक्ष्मण वैष्णव, सत्यनारायण सेन, रामस्वरूप खटीक, लालाराम रेगर, रामप्रसाद बैरवा, सूरजकरण रेगर, द्वारका प्रसाद चंदेल, सोदान महाराज, बनवारी रेगर, रामकरण रेगर, कमलेश रेगर, प्रेमचंद रेगर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


