केकड़ी, 15 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान श्री परशुराम का जन्मोत्सव इस वर्ष भी हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। राजस्थान ब्राह्मण महासभा खंड केकड़ी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रमों को लेकर समाजजनों में उत्साह है। कार्यक्रम संयोजक व पारीक समाज के अध्यक्ष महेंद्र पारीक ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत 18 अप्रैल शनिवार को सायं 5:00 बजे नगर पालिका केकड़ी से एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सावर रोड स्थित परशुराम सर्किल पहुंचेगी। इसके पश्चात परशुराम सर्किल पर दीपोत्सव, संगीतमय हनुमान चालीसा व महाआरती का आयोजन होगा।

रविवार को सजेगी भव्य शोभायात्रा: मुख्य आयोजन 19 अप्रैल रविवार को आयोजित होगा। दोपहर 3:15 बजे पारीक संस्था से भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। यह शोभायात्रा जूनियां गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, पाल टॉकीज, बस स्टैंड, तेलियान मंदिर होते हुए पुनः पारीक संस्था पहुंचेगी। शोभायात्रा में विभिन्न झांकियां व भजन मंडलियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा के समापन के पश्चात सायं 6:00 बजे से राजपुरा रोड स्थित पारीक संस्था में सामूहिक स्नेहभोज का आयोजन रखा गया है। आयोजकों ने समस्त विप्र बंधुओं से सपरिवार कार्यक्रम में पधारकर समाज की एकजुटता का परिचय देने व भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त करने का अनुरोध किया है।


