Homeपुलिस प्रशासनराजस्थान पुलिस दिवस: छात्राओं ने जाना पुलिस का कामकाज, सुरक्षा व नियमों...

राजस्थान पुलिस दिवस: छात्राओं ने जाना पुलिस का कामकाज, सुरक्षा व नियमों की मिली जानकारी

केकड़ी, 15 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान पुलिस दिवस के अवसर पर पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार केकड़ी सदर थाने में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के दिशा-निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील तथा वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की करीब 60 छात्राओं ने थाने का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

कार्यप्रणाली व तकनीक से कराया अवगत: थाना परिसर पहुंची छात्राओं को थानाधिकारी जगदीश चौधरी ने थाने के विभिन्न कक्षों, कार्य करने के तरीकों व रोजनामचा आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि आमजन की सहायता के लिए पुलिस किस प्रकार त्वरित कार्यवाही करती है। इस दौरान छात्राओं को राजकॉप सिटिजन ऐप व विभिन्न इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया।

केकड़ी: थाना भ्रमण के दौरान छात्राओं से संवाद करते थानाधिकारी जगदीश चौधरी।

साइबर सुरक्षा व यातायात नियमों पर विशेष सत्र: वर्तमान समय की चुनौतियों को देखते हुए छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके सिखाए गए। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों की महत्ता बताते हुए उनकी पालना करने का आह्वान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बाल अधिकार, बाल संरक्षण व आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया।

नशे के खिलाफ किया जागरूक: कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को नशे की दुष्प्रवृत्ति व इसके समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे न केवल स्वयं जागरूक रहें, बल्कि समाज में भी सुरक्षा व नियमों के प्रति संदेश फैलाएं। इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्राओं में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा व उनके मन की जिज्ञासाओं का समाधान हुआ।

RELATED ARTICLES