केकड़ी, 11 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी गैस किल्लत ने अब उग्र रूप ले लिया है। लगातार चार दिनों से गैस वितरण केंद्र के चक्कर काटने के बाद भी आपूर्ति न होने से नाराज उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। सोमवार को आक्रोशित लोगों ने कोटा-अजमेर मार्ग पर कृष्णानगर के समीप खाली टंकियां सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पिछले चार दिनों से वे गैस सिलेंडर के लिए भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। हाईवे पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं व यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासनिक कार्रवाई: सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल कालूराम, कांस्टेबल पुखराज व चालक मानसिंह सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की व उनकी समस्याओं को सुना। पुलिस की काफी देर तक चली समझाइश व उचित समाधान के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और मार्ग से जाम हटाया गया। जाम खुलने के बाद ही हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका।


