केकड़ी, 12 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी क्षेत्र के कादेड़ा कस्बे में मूलभूत सुविधाओं के अभाव और प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। पेयजल, बिजली, मनरेगा और रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत से जूझ रही दर्जनों महिलाओं ने मंगलवार सुबह जयपुर-भीलवाड़ा राजमार्ग पर जाम लगाकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने मांग की कि शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर ग्रामीण इलाकों में भी 25 दिनों के भीतर रसोई गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

बीसलपुर के पास होकर भी प्यासे हैं ग्रामीण: प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीसलपुर बांध में पर्याप्त जल स्तर होने के बावजूद पिछले 15 दिनों से कस्बे में पानी की सप्लाई नहीं हुई है। भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। महिलाओं का कहना है कि जल विभाग की लापरवाही के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप पड़ी है। इसके साथ ही मनरेगा कार्यों में अनियमितता और घोषित-अघोषित बिजली कटौती को लेकर भी गहरा रोष व्यक्त किया गया।

अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी: जाम की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी व सदर थाना पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा। जब अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने और जाम खोलने का प्रयास किया, तो महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और स्पष्ट किया कि जब तक समस्याओं का स्थाई समाधान नहीं होता, वे पीछे नहीं हटेंगी। समाचार लिखे जाने तक अधिकारी समझाइश के प्रयास कर रहे थे व ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे।


