Homeशासन प्रशासनभ्रष्टाचार व अतिक्रमण के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा; प्रशासक पर सरकारी...

भ्रष्टाचार व अतिक्रमण के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा; प्रशासक पर सरकारी जमीन हड़पने व फर्जी पट्टे जारी करने का आरोप, पदमुक्त करने की मांग

केकड़ी, 27 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ग्राम पंचायत गुलगांव में कथित भ्रष्टाचार, सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण और जल जीवन मिशन में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश गहरा गया है। समस्त ग्रामवासियों ने उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर मामलों की उच्च स्तरीय जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के वर्तमान प्रशासक (निवर्तमान सरपंच) ने बस स्टैंड पर स्थित एक सार्वजनिक पानी की प्याऊ को रातों-रात हटवा दिया और वहां अपने अवैध भवन के शटर लगा दिए। इसके अलावा बस स्टैंड पर ही बेशकीमती सरकारी भूमि पर अपने व अपने परिवार के नाम पट्टा जारी कर पक्का निर्माण करने का भी आरोप है। ग्रामीणों ने इस निर्माण को ध्वस्त करने की मांग की है।

लाखों रुपए हड़पने का आरोप: ज्ञापन में बताया गया कि प्रशासक ने अपने कार्यकाल के दौरान वार्ड पंचों की सहमति और कोरम के बिना कई फर्जी पट्टे जारी किए हैं, जिनकी जब्ती व जांच जरूरी है। साथ ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुलगांव के पुराने भवन की भूमि का पट्टा तुरंत जारी करने की मांग की गई है। ग्रामीणों की शिकायत है कि जल जीवन मिशन योजना के तहत प्रत्येक नल कनेक्शन के लिए 3100 रुपए वसूले गए थे। इस प्रकार कुल एकत्र की गई करीब 13 लाख रुपए की राशि को अभी तक सरकारी खाते में जमा नहीं कराया गया है।

केकड़ी: प्रशासक के खिलाफ ज्ञापन देने आए गुलगांव के ग्रामीण।

प्रशासक को पदमुक्त करने की मांग: ज्ञापन में बताया कि बीती 20 मई 2026 को जब ग्रामीण इस भ्रष्टाचार व अतिक्रमण के विरोध में आईटी सेंटर पर शांतिपूर्वक चर्चा कर रहे थे, तभी वहां विकास अधिकारी (बीडीओ) सावर व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में ही निवर्तमान सरपंच ने अपने परिजनों के साथ आकर ग्रामीणों से अभद्रता की। इस संबंध में सदर थाना केकड़ी में मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत के पूरे रिकॉर्ड व वित्तीय कार्यों की निष्पक्ष जांच की जाए व वर्तमान में प्रशासक पद पर बैठे निवर्तमान सरपंच नीरज चौधरी को तुरंत पदमुक्त किया जाए। क्रोश जताया।

मुख्यमंत्री समेत उच्चाधिकारियों को भेजी ज्ञापन की प्रतियां: इस ज्ञापन की प्रतिलिपियां मुख्यमंत्री, संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर व स्थानीय विधायक को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपने से पहले गुलगांव के ग्रामीण नगर पालिका में एकत्रित हुए। यहां से सभी ग्रामीण रैली के रूप में उपखण्ड कार्यालय पहुंचे। रैली में बड़ी संख्या में महिला पुरूषों ने हाथों में विभिन्न मांगें लिखी तखितयां थाम रखी थी। इस दौरान ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी कर प्रशासक के खिलाफ आक्रोश जताया।

केकड़ी: प्रशासक के खिलाफ निकाली गई रैली में शामिल महिलाएं।

ये रहे मौजूद: इस मौके पर ओमप्रकाश वैष्णव, बजरंग वैष्णव, कमल किशोर गौतम, हेमंत गौतम, सुखदेव माली, रामनिवास माली, मदन कहार, सत्यनारायण कहार, लालाराम खटीक, कैलाश खटीक, जय किशन कहार, नसीम बानो, बशीर मोहम्मद, रंगलाल कुम्हार, महावीर कुम्हार, घीसालाल दरोगा, राजेन्द्र दरोगा, हरचंद रेगर, रामदेव रेगर, सोदान नाथ, उमराव नाथ, आशाराम बलाई ,हंसराज बलाई ,अशोक जैन, जितेन्द्र जैन, संजय जैन, किशन सिंह, विजय बहादुर सिंह, हरीश चन्द्र सिंह, शंभू नट सहित गांव के कई महिला पुरूष मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES