केकड़ी, 04 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर वन विभाग एवं पतंजलि गांधी पार्क योग परिवार के संयुक्त तत्वावधान में जन-जागरूकता मैराथन रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को जल व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। रैली का शुभारंभ सब्जी मंडी स्थित गांधी पार्क से समाजसेवी शिवरतन मूंदड़ा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह जन-जागरूकता रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी व पुनः गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “पेड़ लगाओ, धरती को स्वर्ग बनाओ”, “हरियाली ही खुशहाली है”, “प्रकृति का करो सम्मान, तभी सुरक्षित रहेगा इंसान” तथा “जल है तो कल है” जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से पर्यावरण व जल संरक्षण का संदेश दिया।

स्वार्थपूर्ण व्यवहार से संकट में प्राकृतिक धरोहर: इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिवरतन मूंदड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति ने हमें जीवन के लिए शुद्ध वायु, स्वच्छ जल व हरियाली जैसे अनमोल संसाधन दिए हैं, लेकिन मानव के स्वार्थपूर्ण व्यवहार के कारण यह धरोहर आज संकट में है। उन्होंने जल संकट, प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अब समय केवल बातों का नहीं, बल्कि छोटे-छोटे प्रयासों से जमीनी बदलाव लाने का है। उन्होंने सभी से जल बचाने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, प्लास्टिक का उपयोग बंद करने व स्वच्छता अपनाने का आह्वान किया। साथ ही चेताया कि यदि हम अभी नहीं जागे, तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी क्षमा नहीं करेंगी।

इन्होंने भी व्यक्त किए विचार: कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान संयोजक सत्यनारायण सोनी व पतंजलि योग समिति के प्रभारी योग शिक्षक जे.पी. सोनी ने भी पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। क्षेत्रीय वन अधिकारी दुर्गेश सैनी ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर वनपाल पूनम चौधरी, वन संरक्षक सीताराम कुम्हार, पतंजलि योग समिति के संरक्षक हरनारायण मंत्री, सह प्रभारी सोहनलाल सिसोदिया, युवा भारत प्रभारी राजेन्द्र विजय, महिला प्रभारी रिंकू विजय, निवर्तमान प्रभारी रक्षा विजय, महामंत्री अनिता राठी, संगठन मंत्री पद्मावती लालवानी, सहयोगी शिक्षक नोरतमल मूंदड़ा, मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव, व्यवस्था प्रमुख पदम सांखला व रामचंद्र जेठवानी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष योग साधक व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।


