केकड़ी, 04 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला कलक्टर के आदेशानुसार गुरुवार को उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत जूनिया में एक दिवसीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कुल 11 परिवाद प्राप्त हुए, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए उपखंड अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल दूरभाष (फोन) पर संपर्क किया व आमजन की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के कड़े आदेश दिए। प्राप्त परिवादों में 1 परिवाद राजस्व विभाग, 2 पंचायतीराज विभाग, 4 जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, 1 विद्युत विभाग, 1 शिक्षा विभाग व 2 परिवाद अन्य विभागों से संबंधित रहे। जनसुनवाई के पश्चात उपखंड अधिकारी ने जूनिया स्थित अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रसोई में आवश्यक सुविधाएं तो संतोषजनक पाई गईं, परंतु रसोईघर के बाहर आवश्यक सूचना बोर्ड नहीं लगा होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उपखंड अधिकारी ने मौके पर उपस्थित कार्मिकों को तत्काल सूचना बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए।

गैस सिलेंडर वितरण स्थल पर पहुंचे अधिकारी, रूट चार्ट बनाने के निर्देश: निरीक्षण के दौरान ही ग्रामीणों द्वारा जूनिया में गैस सिलेंडर प्राप्त करने में हो रही असुविधा की जानकारी मिलने पर उपखंड अधिकारी अविलंब गैस सिलेंडर वितरण स्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने बताया कि सिलेंडर लेते समय मोबाइल पर ओटीपी (OTP) आने में तकनीकी समस्या आ रही है, जिसके कारण घंटों इंतजार करना पड़ता है।

समाधान के दिए निर्देश: इस पर उपखंड अधिकारी ने मौके पर मौजूद गैस एजेंसी के कार्मिक को तत्काल ओटीपी की समस्या का समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि गैस एजेंसी की गाड़ी द्वारा गांव में सिलेंडर वितरण के लिए एक या दो दिन निश्चित किए जाएं व इसका एक प्रॉपर रूट चार्ट तैयार कर आमजन तक पहुंचाया जाए। साथ ही गांव में नियमित रूप से सिलेंडर की आपूर्ति की जाए ताकि ग्रामीणों को अपने मोहल्ले में ही सिलेंडर मिल सके व उन्हें तपती गर्मी व बरसात के मौसम में लंबी कतारों में न लगना पड़े।

पशु चिकित्सा उप केंद्र व पटवार मंडल का भी लिया जायजा: उपखंड अधिकारी ने इसके पश्चात पशु चिकित्सा उप केंद्र सरसड़ी व पटवार मंडल सरसड़ी का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों कार्यालयों में व्यवस्थाओं को देखा व मौके पर उपस्थित कार्मिकों को पाबंद किया कि वे कार्यालय समय में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसके साथ ही आमजन से प्राप्त होने वाले परिवादों का बिना किसी देरी के अविलंब निस्तारण कर जनता को राहत प्रदान करें।


