केकड़ी, 17 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला स्पेशल टीम व सदर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 45 किलो 415 ग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त दो स्विफ्ट कारें जब्त की गई हैं व दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रेंज अजमेर राजेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला व पुलिस अधीक्षक ऊषा यादव के निर्देशों पर की गई। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के दिशा-निर्देशन में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी व डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी: 16 जून 2026 को जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल मुकेश टाण्डी व कांस्टेबल जितेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दो स्विफ्ट डिजायर कारों में डोडा पोस्त ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पुराना कोटा रोड स्थित कालेडा गांव की सरहद पर पहुंचकर पावर हाउस के सामने नाकाबंदी शुरू की। नाकाबंदी के दौरान देवली की तरफ से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रुकवाया गया। कार चालक कमल चौधरी (25) पुत्र रोडूराम जाट निवासी सिरोंज रोड (अंराई) ने पूछताछ में बताया कि वह पीछे आ रही डोडा पोस्त से भरी कार की एस्कॉर्टिंग कर रहा था।

फरार आरोपी की तलाश जारी: इसके बाद जब दूसरी स्विफ्ट कार को रुकवाया गया, तो पुलिस को देखकर चालक के पास वाली सीट पर बैठा व्यक्ति उतरकर झाड़ियों में भाग गया। चालक हरिराम उर्फ डिप्टी (30) पुत्र किशनलाल जाट निवासी सील (अंराई) को पुलिस ने दबोच लिया। भागे हुए सह अभियुक्त की पहचान गणेश जाट निवासी छोटा लाम्बा (अंराई) के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है। जब दूसरी कार की डिग्गी की तलाशी ली गई, तो उसमें से कुल 45 किलो 415 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।

केस दर्ज, जांच शुरू: पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सफलता में जिला स्पेशल टीम के प्रभारी शंकर सिंह रावत, कांस्टेबल मुकेश टाण्डी व कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह का विशेष योगदान रहा। उनके साथ टीम में रामनिवास, सुरेश चौधरी, गजेन्द्र मीणा, कालूराम गुर्जर व ईश्वर शामिल थे। वहीं थाना सदर की टीम से थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी, एएसआई विश्राम मीणा व रमेश कुमार, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, छोटूलाल (चालक) व कांस्टेबल जीतराम, रामजीलाल व अविनाश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

