केकड़ी, 24 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री धाकड़ महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र नागर ने सरवाड़ निवासी गोपाल लाल धाकड़ को राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य मनोनीत किया है। पिछले कई वर्षों से समाज के हितों के लिए तत्पर रहकर संगठन हित में कार्य करने के फलस्वरूप उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी में यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के माध्यम से अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर समाज सेवा करने का अवसर मिला है। गोपाल लाल धाकड़ का संगठन में लंबा और सक्रिय अनुभव रहा है। इससे पहले उन्होंने प्रदेश, संभाग, जिला व ब्लॉक स्तर पर संगठन के कई महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रहते हुए धाकड़ समाज के उत्थान में अपना उल्लेखनीय और अपेक्षित सहयोग दिया है।

समाज बंधुओं ने जताई खुशी: अजमेर जिले से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में गोपाल लाल धाकड़ को प्रतिनिधित्व मिलने पर स्थानीय समाज बंधुओं और पदाधिकारियों में हर्ष की लहर है। इस मनोनयन पर धाकड़ महासभा के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश धाकड़, युवा संघ के जिला अध्यक्ष राधेश्याम धाकड़, प्रधान धाकड़, भंवर लाल धाकड़ पीपरोली, शंकर लाल धाकड़, अशोक धाकड़ सोहनपुरा, मुकेश धाकड़ व दुर्गा लाल धाकड़ लल्लाई सहित कई समाज बंधुओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र नागर का आभार जताया है। साथ ही गोपाल लाल धाकड़ को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके अनुभव से राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को और मजबूती मिलेगी।


