केकड़ी, 24 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): रामद्वारा सेवा सत्संग समिति के तत्वावधान में आगामी 2 जुलाई 2026 को सूरजपोल गेट क्षेत्र में नवनिर्मित रामद्वारा भवन का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। भवन का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय श्री रामस्नेही संप्रदाय शाहपुरा के पीठाधीश्वर आचार्य रामदयालजी महाराज के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। विधायक शत्रुघ्न गौतम के मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस समारोह में अनेक संत-महात्मा, श्रद्धालु व स्थानीय भक्त शामिल होंगे। समिति के पदाधिकारी आनंदी राम सोमानी ने बताया कि 2 जुलाई को सुबह 9:15 बजे भव्य कलश व शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा अजमेर रोड स्थित बीजासन माताजी मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नवनिर्मित रामद्वारा पहुंचेगी। इसके पश्चात दोपहर 12:15 बजे मुख्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें संत-महात्माओं के सान्निध्य में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।

उद्घाटन के पश्चात होगा महाप्रसादी का आयोजन: उद्घाटन समारोह के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है। सोमानी ने बताया कि नवनिर्मित रामद्वारा के उद्घाटन समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि बाहर से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, संत-भक्तों व श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागिता निभाने और इस धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।


