Homeचिकित्सामानवता की सर्वोच्च सेवा: संत निरंकारी मिशन के शिविर में रक्तवीरों ने...

मानवता की सर्वोच्च सेवा: संत निरंकारी मिशन के शिविर में रक्तवीरों ने दिखाया उत्साह, तीन अस्पतालों की टीमों ने जुटाया 160 यूनिट रक्त

केकड़ी, 28 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संत निरंकारी मिशन ब्रांच केकड़ी की ओर से रविवार को अजमेर रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन पर विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहींके दिव्य संदेश को चरितार्थ करते हुए क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के लोगों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया व मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश की। शिविर में कुल 222 रक्तदाताओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से सजग जांच के बाद 160 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। ब्रांच मुखी अशोक कुमार रंगवानी ने बताया कि रक्तदान शिविर में क्षेत्र के हर वर्ग का भरपूर सहयोग मिला। रक्तदाताओं का उत्साह व निःस्वार्थ सेवा भावना बेहद प्रेरणादायक रही।

केकड़ी: रक्तवीरों का उत्साहवर्धन करते अतिथि।

तीन ब्लड बैंक की टीमों ने दी सेवाएं: सेवादल इंचार्ज प्रेम जेठवानी ने तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि संग्रहित किए गए कुल 160 यूनिट रक्त में से 53 यूनिट जवाहरलाल नेहरू अस्पताल अजमेर, 38 यूनिट जनाना अस्पताल अजमेर तथा 69 यूनिट राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी की विशेषज्ञ टीमों द्वारा संकलित किया गया। शिविर में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल से डॉ. शिव दयाल शर्मा, जनाना अस्पताल से डॉ. राकेश शर्मा तथा राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी से डॉ. लोकेश धाकड़ अपनी-अपनी मेडिकल टीम के साथ उपस्थित रहे व रक्त संग्रहण कार्य को सुचारू रूप से सम्पन्न कराया।

सामाजिक संस्थाओं ने बढ़ाया उत्साह: इस अवसर पर शिवरतन मूंदड़ा, डॉ. मुकेश माथुर, जे.पी. सोनी, गोविंद गर्ग एवं सरिता मूंदड़ा सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वयं रक्तदान कर शिविर का उत्साहवर्धन किया। उपस्थित अतिथियों ने मिशन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं व सेवादारों के समर्पण की मुक्त कंठ से सराहना की। यह पूरा कार्यक्रम अजमेर जोन के ज्ञान प्रचारक महात्मा अशोक के मार्गदर्शन व देखरेख में सम्पन्न हुआ।

केकड़ी: साथी रक्तदाता का उत्साहवर्धन करते जिम के युवा।

सहयोगियों का हुआ सम्मान: इस दौरान टांकावास ब्रांच के मुखी कालूराम, गुलगांव ब्रांच के मुखी गोपाल तथा प्रेम फिटनेस जिम के मनीष आचार्य को उनके विशेष व उल्लेखनीय सहयोग के लिए माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर ब्रांच मुखी अशोक कुमार रंगवानी ने सभी रक्तवीरों, चिकित्सकों, प्रबुद्ध अतिथियों, स्वयंसेवकों व सहयोगी संस्थाओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है, जो किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे पवित्र माध्यम बनती है।

RELATED ARTICLES