Homeक्राइम न्यूजइंस्टाग्राम पर बंदूक के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार,...

इंस्टाग्राम पर बंदूक के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, अवैध टोपीदार बंदूक जब्त

केकड़ी, 22 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम पर अवैध टोपीदार बंदूक के साथ रील बनाकर अपलोड करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध बंदूक भी जब्त कर ली है। सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि गश्त व संदिग्धों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चंडाली निवासी एक युवक अपने कब्जे में अवैध टोपीदार बंदूक रखकर इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड कर रहा है, जिससे क्षेत्र में भय व दहशत का माहौल बन रहा है।

रुतबा दिखाने के लिए मांगी थी बंदूक: सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने ग्राम चंडाली के झोपड़ा रोड स्थित जंगलात क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस ने मौके से आरोपी गोविंदराम (36) पुत्र मंगलाराम हरिजन निवासी ग्राम चंडाली को एक टोपीदार बंदूक के साथ दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी बंदूक का कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर रील बनाने व अपना रुतबा बढ़ाने के उद्देश्य से यह टोपीदार बंदूक गांव के ही नौरत बागरिया से मांग कर ली थी। इसके बाद वह उसी बंदूक के साथ वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर रहा था।

मुकदमा दर्ज, जांच शुरू: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, सोशल मीडिया सेल प्रभारी विजय सिंह, हेड कांस्टेबल मोहनलाल, कांस्टेबल हरिराम, जितेंद्र, बाबूदान, सोशल मीडिया सेल के कांस्टेबल रवि मीणा व महिला कांस्टेबल सरिता कुमारी की सराहनीय भूमिका रही।

RELATED ARTICLES