केकड़ी, 18 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान में निकाय चुनावों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने स्थानीय निकाय चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरने का ऐलान किया है। पार्टी केकड़ी, सावर व सरवाड़ नगर पालिका के सभी वार्डों में अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आप के प्रदेश महासचिव शहनाज हिंदुस्तानी ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशन में प्रदेश प्रभारी धीरज टोकस व सह-प्रभारी घनेन्द्र भारद्वाज की घोषणा के तहत राज्य के सभी निकायों में चुनाव लड़ा जा रहा है।

मूलभूत समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता: दो दिवसीय क्षेत्रीय दौरे पर केकड़ी पहुंचे हिंदुस्तानी ने कार्यकर्ताओं व आमजन से संवाद कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य चुनावी मुद्दा भ्रष्टाचार, विगत वर्षों में नगर पालिकाओं के कार्यों में हुई अनियमितताएं तथा जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान रहेगा। आचार संहिता लागू होते ही प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया व प्रबंधन के लिए ‘निकाय चुनाव समिति‘ का गठन किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व ग्रामीण जिला सचिव महिपाल गुर्जर, एस.पी. सोनी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

