Homeराजनीतिटांटोटी से अजमेर के बीच शुरू हुई इलेक्ट्रिक बस सेवा: विधायक शत्रुघ्न...

टांटोटी से अजमेर के बीच शुरू हुई इलेक्ट्रिक बस सेवा: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने किया शुभारंभ, ग्रामीणों संग जमकर थिरके

केकड़ी, 19 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के टांटोटी कस्बे को बुधवार को एक बड़ी सौगात मिली। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पूजा-अर्चना कर टांटोटी से अजमेर के बीच चलने वाली नई इलेक्ट्रिक बस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। बस के टांटोटी पहुंचते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और इस नई परिवहन सुविधा का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक शत्रुघ्न गौतम का भव्य स्वागत किया और उन्हें कंधों पर बैठाकर समारोह स्थल तक ले गए। नई बस को देखने और उसमें सफर की शुरुआत को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह नजर आया। खुशी के इस मौके पर जब ग्रामीण बस के आगे नाचने-गाने लगे, तो उनका उत्साह देखकर विधायक गौतम भी खुद को रोक नहीं पाए और ग्रामीणों के साथ जमकर थिरके। विधायक ने बस के चालक व परिचालक का साफा व माला पहनाकर अभिनंदन किया।

केकड़ी: टांटोटी में इलेक्ट्रिक बस को हरी झण्ड़ी दिखाकर रवाना करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

दिन में दो बार होगा संचालन, मिलेगी बड़ी राहत: इलेक्ट्रिक बस का संचालन टांटोटी से अजमेर के बीच प्रतिदिन दो बार किया जाएगा। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक सुगम यातायात और विकास सुविधाएं पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। टांटोटी क्षेत्र के लोग लंबे समय से सीधी आवागमन सुविधा की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो चुकी है। विधायक ने घोषणा की कि केकड़ी रोडवेज डिपो से जल्द ही क्षेत्र के अन्य ग्रामीण मार्गों पर भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे पूरे ग्रामीण क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त और आधुनिक परिवहन सेवा मिल सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES