Tuesday, September 29, 2026
Home राजनीति सीवरेज से पहले सड़क निर्माण पर पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल ने उठाए सवाल,...

सीवरेज से पहले सड़क निर्माण पर पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल ने उठाए सवाल, बोले- समन्वय के अभाव में न हो जनता के पैसे का अपव्यय

केकड़ी: पत्रकार वार्ता में बोलते पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल।

केकड़ी, 28 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी शहर में सीवरेज व्यवस्था विकसित करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। नगर पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग की ओर से सीवरेज परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। केकड़ी को छह नगरीय निकायों वाले क्लस्टर-1 में शामिल किया गया है तथा दस्तावेजों में केकड़ी के लिए सीवरेज परियोजना की अनुमानित लागत 38.20 करोड़ रुपए निर्धारित की गई है। तकनीकी प्रक्रिया के बाद वित्तीय निविदाओं में एलएनए इंफ्रा प्रोजेक्ट्स की बोली सबसे कम बताई जा रही है। पालिकाध्यक्ष मित्तल ने कहा कि सीवरेज परियोजना को देखते हुए शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का क्रम तय किया जाना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य सड़क निर्माण का विरोध करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि पहले सीवरेज लाइन बिछाई जाए और उसके बाद सड़क का निर्माण किया जाए। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण कार्य फिलहाल स्थगित रखने के संबंध में पत्र लिखा है। मित्तल ने कहा कि यदि सीवरेज लाइन डाले बिना सड़क बना दी जाती है और बाद में सीवरेज डालने के लिए सड़क खोदनी पड़ती है तो इससे न केवल नवनिर्मित सड़क क्षतिग्रस्त होगी, बल्कि सरकारी धन का दोबारा उपयोग भी करना पड़ेगा। ऐसे में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों में आपसी समन्वय रखते हुए उन्हें क्रमबद्ध तरीके से कराया जाना अधिक उचित होगा।

विधायक से सहयोग की अपील: पालिकाध्यक्ष ने सीवरेज परियोजना को लेकर विधायक शत्रुघ्न गौतम की ओर से दिए गए बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि संभव है कि परियोजना की निविदा प्रक्रिया से संबंधित पूरी जानकारी विधायक तक नहीं पहुंची हो। उन्होंने कहा कि इसी कारण विधायक ने जानकारी के अभाव में सीवरेज परियोजना को लेकर कुछ नहीं होने की बात कही होगी। मित्तल ने कहा कि सीवरेज परियोजना राज्य सरकार के स्तर पर चल रही महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसका उद्देश्य शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ टकराव का नहीं है। विधायक क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि हैं और शहर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विधायक शत्रुघ्न गौतम से अपील की कि सीवरेज परियोजना सहित शहर के अन्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सकारात्मक सहयोग करें। मित्तल ने कहा कि सीवरेज परियोजना पूरी होने के बाद शहर की सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लंबे समय से महसूस की जा रही सीवरेज व्यवस्था की जरूरत पूरी हो सकेगी।

38.20 करोड़ की परियोजना में केकड़ी शामिल: मित्तल ने बताया कि निविदा दस्तावेजों के अनुसार केकड़ी को क्लस्टर-1 में बिजयनगर, डेगाना, देवली, बिसाऊ और नीम का थाना के साथ शामिल किया गया है। क्लस्टर-1 के सभी छह नगरीय निकायों में प्रस्तावित कार्यों की कुल अनुमानित लागत 214.32 करोड़ रुपए है, जिसमें केकड़ी के हिस्से की अनुमानित लागत 38.20 करोड़ रुपए है। परियोजना में सीवर प्रणाली विकसित करने के साथ शोधन संयंत्र, सीवर लाइन बिछाने, जोड़ाई, जांच तथा व्यवस्था को चालू करने से संबंधित कार्य शामिल हैं। दस्तावेजों के अनुसार निर्माण कार्य की अवधि 18 माह निर्धारित की गई है, जबकि इसके बाद 10 वर्ष तक संचालन एवं रखरखाव का प्रावधान किया गया है। पालिकाध्यक्ष मित्तल ने कहा कि उनका उद्देश्य शहर में चल रहे विकास कार्यों को रोकना नहीं, बल्कि अलग-अलग विभागों के कार्यों में बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि एक ही सड़क को बार-बार खोदने की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना भेदभाव विकास कार्य कराने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। इस मौके पर पालिका उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी, पार्षद पुनीत गर्ग, हनुमान बाथरा, इंदिरा मित्तल, प्रतिभा जैन, अभिलाषा विजय, पूजा व्यास सहित कांग्रेस के कई पार्षद मौजूद रहे।