Homeराजनीतिकेकड़ी नगर पालिका चुनाव: 13 प्रत्याशियों की जमानत जब्त, 11 निर्दलीय; भाजपा-आरएलपी...

केकड़ी नगर पालिका चुनाव: 13 प्रत्याशियों की जमानत जब्त, 11 निर्दलीय; भाजपा-आरएलपी का भी एक-एक प्रत्याशी

केकड़ी, 15 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका केकड़ी के चुनाव परिणामों ने जहां 40 वार्डों में जीत-हार की तस्वीर साफ कर दी है, वहीं चुनाव मैदान में उतरे कुछ प्रत्याशियों के लिए यह मुकाबला बेहद निराशाजनक रहा। परिणाम के अनुसार 13 प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा सके। इनमें 11 निर्दलीय प्रत्याशी, एक आरएलपी प्रत्याशी व एक भाजपा प्रत्याशी शामिल हैं। खास बात यह है कि जमानत जब्त होने वाले प्रत्याशियों में सर्वाधिक संख्या निर्दलीयों की रही। जमानत जब्त होने वाले प्रत्याशियों में वार्ड 17 और वार्ड 40 में दो-दो प्रत्याशी शामिल हैं, जबकि बाकी वार्डों में एक-एक प्रत्याशी की जमानत जब्त हुई।

इन प्रत्याशियों की जमानत हुई जब्त: चुनाव परिणाम के अनुसार वार्ड 5 के राजेंद्र डसाणिया (आरएलपी), वार्ड 16 के अमरचंद (निर्दलीय), वार्ड 17 के अरिहंत तेजस्वी व जितेंद्र बोयत (निर्दलीय), वार्ड 18 के ओमप्रकाश माली (निर्दलीय), वार्ड 20 की नीता विजय (निर्दलीय), वार्ड 21 के सिराज अहमद (निर्दलीय), वार्ड 30 की गुलनाज बानो (भाजपा) व नाजमीन बानो (निर्दलीय), वार्ड 31 के राधेश्याम माहेश्वरी (निर्दलीय), वार्ड 38 के राजू चौधरी (निर्दलीय) तथा वार्ड 40 के गणेश तारावत व मनीष वर्मा (दोनों निर्दलीय) अपनी जमानत बचाने में नाकाम रहे।

निर्दलीयों के लिए कठिन रहा मुकाबला: 13 प्रत्याशियों की जमानत जब्त होने के आंकड़ों में सबसे बड़ा राजनीतिक संकेत यह है कि इनमें 11 निर्दलीय हैं। यानी जमानत गंवाने वाले प्रत्याशियों में करीब 85 प्रतिशत निर्दलीय रहे। इससे संकेत मिलता है कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के मुकाबले निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए मतदाताओं का भरोसा हासिल करना अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण रहा। वहीं प्रमुख राजनीतिक दलों में केवल एक भाजपा और एक आरएलपी प्रत्याशी ही जमानत बचाने में असफल रहे। हालांकि जमानत जब्त होना किसी प्रत्याशी के पूरे राजनीतिक भविष्य का अंतिम पैमाना नहीं माना जा सकता, लेकिन चुनावी मुकाबले में मतदाताओं के समर्थन की स्थिति का यह एक महत्वपूर्ण संकेत जरूर है।

RELATED ARTICLES