Homeक्राइम न्यूजगलत दिशा से आई बोलेरो ने मारी बाइक को टक्कर, बुजुर्ग की...

गलत दिशा से आई बोलेरो ने मारी बाइक को टक्कर, बुजुर्ग की मौत व साथी घायल

केकड़ी, 19 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां एकलसिंहा मार्ग पर बीती रात बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची शहर थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एकलसिंहा निवासी छीतर पुत्र भूरा गुर्जर व धन्ना पुत्र श्रवण गुर्जर मोटरसाइकिल पर सवार होकर देव जी के स्थान से अपने गांव लौट रहे थे। मोटरसाइकिल को छीतर अपनी सही दिशा व साइड में चला रहा था। रात्रि करीब 8:00 से 8:30 बजे के बीच जब वे देव दशरथ माइंस के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही एक बोलेरो के चालक ने वाहन को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए गलत दिशा में आकर मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर तोड़ा दम: टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे धन्ना गुर्जर की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि छीतर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों व स्थानीय लोगों ने निजी कार की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां घायल छीतर का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह पुलिस ने पंचनामा पोस्टमार्टम आदि की कार्रवाई के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मृतक के भतीजे शैतान गुर्जर की रिपोर्ट पर बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एएसआई नारायणराम के जिम्मे की गई है।

RELATED ARTICLES