केकड़ी, 19 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी को पुनः जिला घोषित करने व स्थानीय जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग को लेकर सावर से मुख्यमंत्री आवास (जयपुर) के लिए रवाना हुआ विशाल पैदल मार्च मंगलवार को दूसरे दिन केकड़ी पहुंचा। सावर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट विश्वजीत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन के तहत जैसे ही पदयात्रियों का काफिला केकड़ी सीमा में दाखिल हुआ, लोगों ने नारेबाजी कर पदयात्रियों का उत्साहवर्धन किया। सावर रोड स्थित परशुराम सर्किल पर बार एसोसिएशन, पेंशनर समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। वहां उपस्थित जनसमुदाय ने पुष्पवर्षा के बीच पदयात्रियों का स्वागत किया और इस संघर्ष को अपना पूर्ण समर्थन दिया।

मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए है यह संघर्ष: परशुराम सर्किल पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वजीत सिंह शक्तावत ने कहा कि यह लोकतांत्रिक संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष का न होकर प्रत्येक नागरिक के सम्मान, सुरक्षा व मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आमजन की आवाज को दबाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री को एक व्यापक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित निराकरण की पुरजोर मांग की जाएगी।

विभिन्न समाजों ने किया स्वागत: परशुराम सर्किल पर स्वागत के पश्चात पैदल मार्च नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए सापण्दा रोड स्थित गोपालजी की कोठी पहुंचा। रास्ते में रेगर समाज, हरिजन समाज, जांगिड़ समाज, सिखवाल समाज व राजपूत समाज सहित विभिन्न समाजों के प्रबुद्ध जनों ने विश्वजीत सिंह का माल्यार्पण व साफा पहनाकर स्वागत किया। गोपालजी की कोठी में दोपहर विश्राम व भोजन के पश्चात शाम को पैदल मार्च पुनः जयपुर के लिए आगे रवाना हो गया। मंगलवार को मार्च का रात्रि विश्राम जूनियां में तय किया गया है।

ये है प्रमुख मांगे: विश्वजीत सिंह शक्तावत ने बताया कि उनकी मांगों में केकड़ी को पुनः जिला बनाने की मांग व नसीराबाद-देवली फोरलेन पर सावर में बाईपास की सुविधा सुनिश्चित करना प्रमुख है। इसी के साथ भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना व प्रशासनिक अव्यवस्थाओं में सुधार करना, अवैध बजरी परिवहन के कारण हो रहे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना व भूमाफियाओं द्वारा फैलाई जा रही अराजकता पर लगाम कसना एवं बिजली-पानी की अनियमितता को दूर करना व विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत करवाना शामिल है।


