केकड़ी, 20 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां अजमेर मार्ग स्थित प्रतापपुरा से हींगतड़ा जाने वाले रास्ते पर निजी शिक्षण संस्थान में अध्यनरत बच्चों से भरा एक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलटने से बड़ा हादसा हो गया। टेम्पो में करीब 15 छात्र-छात्राएं सवार थे, जिनमें से तीन को गंभीर चोटें आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए केकड़ी के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उगमाराम मेमोरियल संस्थान सूरजपुरा में छुट्टी होने के बाद बच्चे टेम्पो में सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हींगतड़ा मार्ग पर अचानक टेम्पो पलट गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को वाहन से बाहर निकाला।

घायलों का उपचार जारी: इस दुर्घटना में 12 वर्षीय अर्पित धाकड़ (पुत्र हेमराज, निवासी सोहनपुरा), 11 वर्षीय वंदना धाकड़ (पुत्री शंकर धाकड़, निवासी भीमपुरा) व 5 वर्षीय नैना कुमावत (पुत्री भोजूराम, निवासी समेलिया) गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। सभी गंभीर घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।

अधिकारियों ने पूछी बच्चों की कुशलक्षेम: हादसे की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। सरवाड़ ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी रामेश्वर प्रसाद झारोटिया तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों के कुशलक्षेम पूछी व परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से घटना के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।


