Homeक्राइम न्यूजसर्पदंश से अचेत हुई महिला ने उपचार के दौरान तोड़ा दम, पुलिस...

सर्पदंश से अचेत हुई महिला ने उपचार के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

केकड़ी, 20 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना क्षेत्र के आमली ग्राम में खेत पर काम करने के दौरान सर्पदंश का शिकार हुई एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आमली निवासी समोक गुर्जर (42) पत्नी सांवरा उर्फ सांवरिया गुर्जर अपने खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान उसे सांप ने काट लिया, जिससे वह अचेत हो गईं। परिजनों ने आनन-फानन में उसे केकड़ी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अजमेर रेफर कर दिया।

नसीराबाद के पास बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम: अजमेर ले जाते समय रास्ते में नसीराबाद के समीप समोक की तबीयत अचानक और अधिक बिगड़ गई। इस पर परिजन उसे तुरंत नसीराबाद के स्थानीय अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर सावर थाने के एएसआई राजेंद्र कुमार ने नसीराबाद पहुंचकर शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका अपने पीछे एक 17 वर्षीय पुत्री व 15 वर्षीय पुत्र को छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

RELATED ARTICLES