Homeराजनीतिअध्यक्ष पद के चारों नामांकन सही, नाम वापसी पर टिकी नजर; शुक्रवार...

अध्यक्ष पद के चारों नामांकन सही, नाम वापसी पर टिकी नजर; शुक्रवार को साफ होगी चुनावी तस्वीर

केकड़ी, 17 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया गुरुवार को सम्पन्न हुई। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई सहित संबंधित अधिकारियों ने अध्यक्ष पद के लिए दाखिल चारों नामांकन पत्रों की जांच की। जांच के दौरान सभी नामांकन पत्र सही पाए गए। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से अनिल मित्तल, भाजपा से विनीत जैन तथा निर्दलीय प्रत्याशी इंदिरा मित्तल व अरविंद कांसोटिया ने नामांकन दाखिल किया है। अध्यक्ष पद के लिए दाखिल चारों नामांकन सही पाए जाने के बाद अब सभी की नजरें शुक्रवार को होने वाली नाम वापसी पर टिकी हैं। नाम वापसी के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अध्यक्ष पद के लिए मैदान में कितने प्रत्याशी रहेंगे।

नाम वापसी के बाद जारी होगी अंतिम सूची: एसडीएम सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि शुक्रवार को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्याशियों को चुनाव प्रतीकों का आवंटन भी किया जाएगा। नाम वापसी के बाद यदि अध्यक्ष पद के लिए चुनाव आवश्यक रहता है तो 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES