केकड़ी, 17 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लंबे समय से पड़ रही गर्मी और उमस के बीच गुरुवार को केकड़ी में मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छाए और इसके बाद करीब दो घंटे तक तेज बारिश हुई। मूसलाधार बारिश से जहां शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया, वहीं शहर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, खेतों में पकाव की ओर बढ़ रही मूंग और उड़द की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि इस समय अधिक बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंच सकता है। बारिश से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

चहुंओर पानी ही पानी: तेज बारिश के चलते शहर की कई प्रमुख सड़कें पानी से भर गईं। अजमेर रोड पर श्रीराम सर्कल, तीन बत्ती चौराहा, तेलियान मंदिर, जैन कॉलेज, काजीपुरा चौराहा, तेली मोहल्ला, सरदार पेट्रोल पंप से पुलिस स्टेशन तक तथा नगर पालिका के सामने राजपथ पर काफी पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर सड़क का बड़ा हिस्सा पानी में डूबा नजर आया। जलभराव के कारण पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से संभलकर निकलना पड़ा। बारिश थमने के बाद भी निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर काफी देर तक पानी जमा रहा।

जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल: बारिश के दौरान और उसके बाद शहर में कई जगह जल निकासी व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आई। प्रमुख मार्गों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। बारिश रुकने के बाद पानी की निकासी में लगा समय शहर की ड्रेनेज व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता नजर आया। लगातार गर्मी और उमस के बीच हुई बारिश से शहरवासियों ने राहत की सांस ली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट के साथ मौसम ठंडा और सुहाना हो गया। लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश का बच्चों और युवाओं ने जमकर आनंद लिया। कई लोग बारिश में भीगते और मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। इस दौरान केकड़ी में कुल 70 एमएम बारिश दर्ज की गई है।

