केकड़ी, 07 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी क्रम में जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक व जिला प्रभारी युधिष्ठिर वर्मा ने गुरुवार को केकड़ी, सरवाड़ व सावर परिक्षेत्र में चल रहे प्रशिक्षण केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, उपस्थिति व तकनीकी तैयारियों का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक वर्मा ने प्रगणकों व पर्यवेक्षकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण व व्यापक अभियान है। इसकी सफलता पूरी तरह से सटीक व विश्वसनीय आंकड़ों पर निर्भर करती है। उन्होंने निर्देश दिए कि डेटा संग्रहण के दौरान प्रत्येक जानकारी को पूरी सावधानी से दर्ज किया जाए व किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

प्रथम चरण में मकान गणना पर रहेगा फोकस: ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी लोकेश शास्त्री ने स्व-गणना व प्रथम फेज के कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मकान गणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने तकनीकी संसाधनों के सही उपयोग व डेटा संग्रहण में पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता जताई। सहायक सांख्यिकी अधिकारी कृष्ण गोपाल शेखावत ने भी फील्ड कार्यों की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। निरीक्षण के दौरान उपस्थित चार्ज अधिकारियों, प्रशिक्षण प्रभारियों व फील्ड ट्रेनर्स को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में समन्वय व समयबद्धता सबसे महत्वपूर्ण है।


