केकड़ी, 07 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर चंद्रशेखर भण्डारी ने ग्राम पंचायत गोरधा में आमजन की समस्याएं सुनीं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीसी के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान एडीएम ने ग्रामीणों की परिवेदनाओं पर संवेदनशीलता के साथ गौर किया। जनसुनवाई के दौरान कुल 13 मामले सामने आए, जिनमें से 3 का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई। प्राप्त परिवेदनाओं में राजस्व विभाग की 07, पंचायती राज विभाग की 03, जलदाय विभाग की 02 एवं विद्युत विभाग की 01 परिवेदना शामिल है।

हीटवेव व बिजली-पानी की व्यवस्था पर मंथन: एडीएम ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष समस्याओं का समाधान भी त्वरित व पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के पश्चात एडीएम ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक ली। बढ़ते तापमान व हीटवेव की स्थिति को देखते हुए उन्होंने विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने, ढीले तारों की मरम्मत करने व निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के लक्ष्यों को समय सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य केंद्र व आंगनबाड़ी का औचक निरीक्षण: एडीएम भण्डारी ने गोरधा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजिका, दवाओं की उपलब्धता व टीकाकरण रिकॉर्ड की जांच की। भवन की जर्जर अवस्था को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत में किसी अन्य सरकारी भवन को चिह्नित कर स्वास्थ्य केंद्र के लिए अस्थायी कक्ष उपलब्ध कराया जाए। इसके पश्चात उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया। वहां उन्होंने पोषाहार की गुणवत्ता व बच्चों के लिए खेल सामग्री की उपलब्धता जांची। आंगनबाड़ी केंद्र पर नाम अंकित नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई व तुरंत नाम लिखवाने के आदेश दिए।

