Homeक्राइम न्यूजजमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर हमला, महिलाओं से मारपीट व...

जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर हमला, महिलाओं से मारपीट व लूटपाट का आरोप; कई घायल

केकड़ी, 21 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जमीन विवाद को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। हथियारों से लैस होकर पहुंचे लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, महिलाओं से अभद्रता की व नकदी-जेवर लेकर फरार हो गए। घटना में परिवार के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उम्मेदपुरा निवासी नंदलाल कुमावत ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग एकराय होकर जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावर सरिए व धारदार हथियार लेकर पहुंचे थे तथा उन्होंने आते ही परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस हमले में उसका भाई लालाराम कुमावत गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बीच-बचाव करने आए अन्य परिजनों को भी चोटें आई हैं।

महिलाओं से अभद्रता का आरोप: रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने घर की महिलाओं के साथ मारपीट व अभद्रता की। इसके साथ ही पीड़ित पक्ष ने घर से नकदी व सोने-चांदी के जेवरात ले जाने का भी आरोप लगाया है, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का दावा किया गया है। घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एसआई बनवारीलाल मीणा के जिम्मे की गई है।

RELATED ARTICLES