Homeक्राइम न्यूजगुरुद्वारा दर्शन कर लौट रहे बस यात्रियों पर मधुमक्खियों का हमला, एक...

गुरुद्वारा दर्शन कर लौट रहे बस यात्रियों पर मधुमक्खियों का हमला, एक की मौत, दस अन्य घायल

केकड़ी, 31 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर रोड स्थित टैंक नंबर तीन के पास मंगलवार को मधुमक्खियों के अचानक हमले से हड़कंप मच गया। घटना में पंजाब के एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 अन्य यात्री घायल हो गए। सभी घायल यात्री गुरुद्वारा दर्शन कर वापस लौट रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो बसों में सवार श्रद्धालु नांदेड़ (महाराष्ट्र) स्थित गुरुद्वारा साहिब के दर्शन कर वापस भटिंडा (पंजाब) लौट रहे थे। केकड़ी में अजमेर रोड पर टैंक नंबर तीन के पास एक बस का टायर पंचर हो गया। टायर बदलते समय बस में सवार यात्री सड़क किनारे चाय बनाने लगे। इसी दौरान अचानक पास ही स्थित बरगद के पेड़ पर लगी मधुमक्खियों ने यात्रियों पर हमला बोल दिया।

हमले से मची अफरा-तफरी: मधुमक्खियों के हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में हरियाणा के सिरसा जिला निवासी मलकियत सिंह की मौत हो गई। वहीं करीब 8 से 10 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई। घायलों में दर्शन, करनल सिंह (भटिंडा), सुखप्रीत कौर, सरवजीत (खिखरखेड़ा), तारसेन सिंह, रनती सिंह, देवेंद्र, जसमीत, सरवजीत सिंह व गजानेन सिंह शामिल हैं। मृतक मलकियत सिंह के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर पंजाब के लिए रवाना हो गए।

RELATED ARTICLES