केकड़ी, 23 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने एवं ब्लैकमेल करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी बीते एक महीने से फरार चल रहा था तथा पुलिस से बचने के लिए पुणे, महाराष्ट्र व केरल में ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने दांपत्य जीवन के दौरान उसकी सहमति के बिना अश्लील वीडियो व फोटो बना लिए थे। बाद में अनबन होने पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर इन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचा: मामला दर्ज होने के बाद साइबर व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर घटना में प्रयुक्त मोबाइल व अन्य ठोस साक्ष्य बरामद करने के प्रयास में जुटी है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, एएसआई कजोड़मल, कांस्टेबल शुभकरण, हरिराम (विशेष योगदान) व दातारसिंह ने अहम भूमिका निभाई है।


