केकड़ी, 04 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना क्षेत्र के खेड़ी टोल प्लाजा पर कानून व्यवस्था भंग कर तोड़फोड़ करने व नेशनल हाईवे-48 को जाम करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वारदात के बाद से ही आरोपी अपनी गिरफ्तारी के डर से छिपता फिर रहा था, जिसे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया। यह कार्रवाई अजमेर रेंज महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह के निर्देशों पर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के आदेशानुसार चलाई जा रही अपराधियों की धरपकड़ मुहिम के तहत की गई है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा अमल में लाई गई।

टोल बूथ व आईटी उपकरणों को पहुंचाया था नुकसान: पुलिस के अनुसार सथाना (बिजयनगर) निवासी ईश्वर सिंह राजपूत ने 27 जून 2026 को भिनाय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 26 जून की मध्यरात्रि को ट्रक चालक राजेश कुमार मीणा व उसके साथ आए अन्य लोगों ने मिलकर खेड़ी टोल प्लाजा पर हाईवे जाम कर दिया। इन लोगों ने टोल बूथ के कांच, फर्नीचर, आईटी उपकरण व प्रशासनिक कार्यालय की संपत्ति में जमकर तोड़फोड़ की। साथ ही टोल कर्मियों के साथ मारपीट कर कानून व्यवस्था बिगाड़ी, जिससे हाईवे पर आमजन की जान-माल का खतरा उत्पन्न हो गया था।

रिश्तेदारों के यहां काट रहा था फरारी: पुलिस ने इस पर बीएनएस व नेशनल हाईवे एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। वारदात के बाद आरोपी चैनसिंह रावत (23) पुत्र सूरजमल रावत निवासी देवपुरा देवरिया अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। भिनाय थाने की विशेष टीम ने अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आसूचना संकलित की। मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी चैनसिंह रावत वारदात के बाद अपने रिश्तेदारों व दोस्तों के पास फरारी काट रहा था और मौका मिलते ही क्षेत्र से बाहर भागने की फिराक में था। इस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे धर दबोचा।

मुख्य आरोपी समेत 4 पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार: पुलिस ने बताया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपी राजेश मीणा निवासी सुमेल थाना जामडोली, सुरेन्द्र माली निवासी भिनाय, कमलेश चौधरी निवासी बांदनवाड़ा एवं दीपक माली उर्फ राहुल निवासी बांदनवाड़ा को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। चैनसिंह इस मामले में गिरफ्तार होने वाला पांचवां आरोपी है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वारदात का खुलासा करने व आरोपी को दबोचने में भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, एएसआई मनोहर सिंह, हैड कांस्टेबल नवल सिंह, ब्रजलाल, मनमोहन व कांस्टेबल मनजीत सिंह, ओमसिंह तथा महेश ने अहम भूमिका निभाई है।
संबंधित समाचार पढ़िए…

