Homeशासन प्रशासनपुलिस व प्रशासन की सतर्कता से रुके बाल विवाह; रिकॉर्ड जांच में...

पुलिस व प्रशासन की सतर्कता से रुके बाल विवाह; रिकॉर्ड जांच में तीन निकले नाबालिग, परिजनों को दी सख्त चेतावनी, कानून का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई

केकड़ी, 20 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए भिनाय क्षेत्र में तीन नाबालिगों को बाल विवाह के बंधन में बंधने से बचा लिया। मुखबिर की सूचना पर पहुंची टीम ने दस्तावेजों की जांच के बाद परिजनों को पाबंद किया व कानून का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक गांव में चार नाबालिगों का विवाह संपन्न कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार संजय सारस्वत के नेतृत्व में पटवारी लीलाराम यादव, हेड कॉन्स्टेबल भागचंद व कॉन्स्टेबल बनवारी की टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। टीम के पहुंचते ही विवाह स्थल पर हड़कंप मच गया।

दस्तावेजों की जांच में सामने आई सच्चाई: प्रशासनिक टीम ने विवाह से पूर्व चारों युवक-युवतियों के आयु संबंधी रिकॉर्ड की गहनता से जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि एक युवक की आयु तो 22 वर्ष थी, लेकिन अन्य दो लड़कियां व एक लड़का नाबालिग निकले। कानूनन विवाह योग्य आयु न होने के कारण टीम ने तुरंत विवाह की रस्मों को रुकवा दिया। ​नायब तहसीलदार संजय सारस्वत ने बताया कि नाबालिगों के माता-पिता व परिजनों को मौके पर ही पाबंद किया गया है कि वे आयु पूर्ण होने से पहले बच्चों का विवाह नहीं करेंगे। परिजनों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि इस आदेश का उल्लंघन कर चोरी-छिपे विवाह करने का प्रयास किया गया, तो उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

RELATED ARTICLES