केकड़ी, 21 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्री लाल दुबे मेमोरियल संस्थान द्वारा संचालित एम.एल.डी. इंटरनेशनल अकादमी पटेल मैदान में चल रहे समर कैंप सनशाइन हब 2026 के छठवें दिन विद्यार्थियों के लिए कई रचनात्मक व शारीरिक विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान बच्चों ने पारंपरिक विधाओं से लेकर आधुनिक कलाओं को बड़े उत्साह के साथ सीखा। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को यष्टि संचालन व शतरंज की रोचक गतिविधियों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यष्टि संचालन सत्र में बच्चों को यष्टि सिद्ध, कोष्ठा मार व कोष्ठा रोध जैसी पारंपरिक तकनीकों का कड़ा अभ्यास कराया गया, जिससे बच्चों में एकाग्रता, संतुलन व आत्मविश्वास का संचार हुआ।

शतरंज से बढ़ाया तार्किक कौशल: शतरंज प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों ने बच्चों को चेस बेसिक, चेस पिसेज, चेस पजलस व चेस फंडामेंटलस की बारीकियां समझाईं। विद्यार्थियों को मोहरों की चाल व रणनीतिक सोच के महत्व को बेहद सरल तरीके से सिखाया गया, जिससे बच्चों ने अभ्यास मुकाबलों में अपनी तार्किक क्षमता का प्रदर्शन किया। टॉडलर्स (छोटे बच्चों) के लिए आयोजित विशेष योग सत्र में स्टैंडिंग फॉरवर्ड फोल्ड, माउंटेन पोज, क्रिसेंट लंज, चेयर पोज व ट्री पोज जैसे विभिन्न स्टैंडिंग योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही मंत्र उच्चारण सत्र में बच्चों ने “श्री कृष्णाय वासुदेवाय”, गुरु मंत्र व “कराग्रे वसते लक्ष्मी” मंत्र का सामूहिक उच्चारण किया। ब्रेन जिम गतिविधि के तहत बच्चों से पजल सॉल्विंग गेम्स करवाए गए, जिससे उनके समस्या समाधान कौशल को बढ़ावा मिला।

डांस की रही धूम: इसी के साथ बच्चों ने रंग गाने, ‘झूम बराबर झूम‘ व ‘करंट लगा‘ जैसे गानों पर जमकर बॉलीवुड डांस सीखा। रचनात्मक विधाओं में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए कैलिग्राफी व मेहंदी गतिविधि का आयोजन हुआ। कैलिग्राफी सत्र में प्रशिक्षिका लवली जांगिड़ ने बच्चों को “सुंदर लेखन ही व्यक्तित्व की पहचान है” का संदेश देते हुए विभिन्न आकर्षक शैलियों में अक्षर बनाना सिखाया। वहीं न्यूजपेपर डॉल निर्माण गतिविधि में प्रशिक्षिका तृप्ति नामा ने पुराने समाचार पत्रों का पुनः उपयोग (वेस्ट मैटेरियल रीसाइकल) करते हुए सुंदर डॉल व सजावटी वस्तुएं बनाना सिखाया, जिसमें बच्चों ने रंग भरकर उसे आकर्षक रूप दिया। मीडिया प्रभारी की भूमिका रामराज कुम्हार व वर्षा खंगारोत ने निभाई।


