केकड़ी, 13 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): वायब्रेंट एकेडमी के विद्यार्थियों ने बुधवार को बोरड़ा स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर व बनास नदी घाट का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने धार्मिक, सांस्कृतिक व प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन कर व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बोरड़ा गणेश मंदिर में दर्शन किए व क्षेत्र की धार्मिक मान्यताओं व परंपराओं को समझा। इसके पश्चात सभी छात्र-छात्राएं बनास नदी घाट पहुंचे, जहां उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व को जाना। एकेडमी के शिक्षक करणी सिंह ने विद्यार्थियों को इन स्थलों से जुड़ी ऐतिहासिक व सामाजिक जानकारी प्रदान की।

उत्साहित नजर आए विद्यार्थी: भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला व उन्होंने नृत्य व गायन जैसी समूह गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। संस्थान के मुख्य प्रबंधक डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है, जो उनके भविष्य के लिए उपयोगी है। भ्रमण का समापन विद्यार्थियों द्वारा अपने अनुभव साझा करने के साथ हुआ।


