केकड़ी, 12 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर जल पहुंचाने की मुहिम अब धरातल पर रंग लाने लगी है। सरवाड़ उपखंड के ग्राम हिंगतड़ा में मंगलवार को एक लाख लीटर क्षमता वाली उच्च जलाशय (पानी की टंकी) के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के दो गांवों की लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा। निर्माण कार्य का शुभारंभ जीआरजी प्रोजेक्ट लिमिटेड कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश प्रजापत व साइट इंजीनियर बलवीर सिंह राठौड़ हिंगोनिया द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार व विधि-विधान के साथ किया गया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस टंकी के निर्माण के साथ ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी त्वरित गति से किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द कनेक्शन मिल सकें।

दो गांवों के 450 घरों को होगा लाभ: इस टंकी के निर्माण से हिंगतड़ा व सोहनपुरा गांव के करीब 450 घरों की आबादी को सीधा लाभ पहुंचेगा। भीषण गर्मी व जल संकट के दौर में इस सौगात से ग्रामीणों में हर्ष की लहर है। परियोजना के शुरू होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से की जा रही पेयजल की मांग अब पूरी होने जा रही है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता रामनिवास वैष्णव, तेजमल गुर्जर, भोपाल गुर्जर, छितर सिंह राठौड़, बूथ अध्यक्ष शिवशंकर वैष्णव, सीताराम कीर, हनुमान दरोगा, कालूराम कीर, कालूराम जाट, धनराज केवट, लीलाराम माली, अध्यापक बुद्धि प्रकाश शर्मा व प्रधानाचार्य धनराज विश्वनावतसहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


