Homeशासन प्रशासनRGHSके समर्थन में पेंशनरों का हल्लाबोल: आक्रोश रैली निकालकर एडीएम को सौंपा...

RGHSके समर्थन में पेंशनरों का हल्लाबोल: आक्रोश रैली निकालकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन, मांगें नहीं मानने पर आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

केकड़ी, 13 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा केकड़ी के तत्वावधान में बुधवार को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पेंशनरों ने अपनी मांगों को लेकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (RGHS) को यथावत चालू रखने की मांग को लेकर जिला शाखा केकड़ी सहित अधीनस्थ उपशाखाओं के लगभग 300 पेंशनरों ने आक्रोश रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर चंद्रशेखर भंडारी को ज्ञापन सौंपा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केकड़ी जिला शाखा के साथ-साथ सावर, सरवाड़, कादेड़ा व जूनियां उपशाखाओं के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पेंशनर्स एकत्रित हुए। आक्रोश रैली के रूप में प्रदर्शन करते हुए सभी पेंशनभोगी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां सरकार की नीतियों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।

भावी संघर्ष की रणनीति: ज्ञापन सौंपने के बाद सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कैलाश चंद जैन ने RGHSयोजना की वर्तमान स्थिति और इससे जुड़ी समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ज्ञापन के माध्यम से सरकार को सभी महत्वपूर्ण तथ्यों से अवगत करा दिया गया है। यदि समय रहते सरकार ने पेंशनरों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया और RGHSको यथावत नहीं रखा, तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार इस आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। सभा के अंत में सभी उपस्थित पेंशनरों का आभार व्यक्त किया गया। संगठन की ओर से अपील की गई कि आगामी संघर्ष के लिए एक विस्तृत कार्य योजना बनाई जा रही है, जिसके लिए सभी सदस्य तैयार रहें। इस दौरान बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनर समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES