Homeचिकित्साराजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान में बी.एस.सी नर्सिंग के प्रथम बैच का विदाई...

राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान में बी.एस.सी नर्सिंग के प्रथम बैच का विदाई समारोह आयोजित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

केकड़ी, 25 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान में बी.एस.सी नर्सिंग के प्रथम बैच का विदाई समारोह हर्षोल्लास व उमंग के साथ आयोजित किया गया। इस विदाई वेला पर जूनियर छात्र-छात्राओं ने सीनियर साथियों को भावभीनी विदाई दी। समारोह के मुख्य अतिथि राजकीय जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. राजेंद्र कुमार मौर्य थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त नर्सिंग अधीक्षक व समाजसेवी गोपाल लाल वर्मा, जिला अस्पताल के उपनियंत्रक डॉ. डी.डी. गुप्ता एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सविता मौर्य मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के कार्यवाहक प्राचार्य सुरेंद्र कुमार बड़ोला ने की।

विदाई वेला में बिखरे सांस्कृतिक रंग: समारोह के दौरान नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों, प्रेरक भाषणों व शिक्षाप्रद नाट्य प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। छात्र-छात्राओं की एकल व सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों व सहपाठियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सीनियर छात्रों ने संस्थान के खट्टे-मीठे अनुभवों को भाषण के माध्यम से साझा किया, जिससे माहौल भावुक हो गया। संस्थान के कार्यवाहक प्राचार्य सुरेंद्र बड़ोला ने नर्सिंग के प्रथम बैच के सफल संचालन व इस विदाई समारोह में पधारे सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया।

कठिन परिश्रम से ही लक्ष्य की प्राप्ति संभव: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त नर्सिंग अधीक्षक व समाजसेवी गोपाल लाल वर्मा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने भावी नर्सों को प्रेरित करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा का क्षेत्र सेवा और समर्पण का है। विद्यार्थी जीवन के बाद भी कठिन परिश्रम व ईमानदारी से ही जीवन में बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। इस मौके पर सहायक लेखाधिकारी मोनू पायक, संस्थान की फैकल्टी कमलेश कुमार शर्मा, कन्हैया लाल टेलर, अंकित उपाध्याय व समता गुर्जर सहित नर्सिंग संस्थान के सभी कार्मिक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES