केकड़ी, 21 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने व करियर निर्माण को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘जीतो जॉब्स‘ (JITO Jobs) के तत्वावधान में नेशनल जॉब फेयर 3.0 का आयोजन शनिवार 23 मई 2026 को देश के विभिन्न शहरों में किया जाएगा। इसी कड़ी में केकड़ी में भी इस वृहद रोजगार मेले का आयोजन सापण्दा रोड स्थित सुधासागर स्कूल के सामने, अरिहंत ऑफसेट परिसर में किया जाएगा। जीतो टाउन रिप्रेजेंटेटिव विनोद जैन व दिलीप जैन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना व उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस रोजगार मेले में देश भर की विभिन्न नामचीन कंपनियां व संस्थान, जो जीतो पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं, ऑनलाइन माध्यम से शामिल होंगे। इसके जरिए युवाओं को सीधे नौकरी, करियर मार्गदर्शन व स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास) के बेहतरीन अवसर एक ही छत के नीचे प्राप्त होंगे।

सभी वर्गों के लिए खुले हैं अवसर, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन: आयोजन की विशेष बात यह है कि इसमें सभी समाजों व वर्गों के युवाओं के लिए अवसर खुले रहेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी जीतो जॉब्स की आधिकारिक वेबसाइट www.jitojobs.org पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इसके अलावा जारी किए गए क्यूआर कोड (QR Code) के माध्यम से भी इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक व तकनीकी योग्यता के अनुसार घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। शनिवार को आयोजित होने वाले इस शिविर का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा। जीतो प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के अधिक से अधिक बेरोजगार व योग्य युवाओं से इस जॉब फेयर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी या सहायता के लिए केकड़ी क्षेत्र के अभ्यर्थी विनोद जैन 9829223534 व दिलीप जैन से संपर्क कर सकते है।


