Homeचिकित्सानशा मुक्ति व सामान्य बीमारियों का नि:शुल्क शिविर सम्पन्न, परामर्श के साथ...

नशा मुक्ति व सामान्य बीमारियों का नि:शुल्क शिविर सम्पन्न, परामर्श के साथ चिकित्सा सहायता प्रदान की, ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

केकड़ी, 19 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नव जीवन होम सेवा संस्थान की ओर से रविवार को कादेड़ा स्थित आईटी सेंटर में नि:शुल्क नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य व सामान्य बीमारियों की जांच व परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आए लगभग 30 मरीजों की निःशुल्क जांच कर उन्हें उचित परामर्श व चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। संस्थान के निदेशक ऋषिराज शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि नशा न केवल एक व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक रूप से खोखला करता है, बल्कि उसका परिवार व पूरा समाज भी इससे बुरी तरह प्रभावित होता है। नशा व्यक्ति, परिवार व समाज तीनों के लिए एक अभिशाप है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान करते हुए कहा कि आइए हम सब मिलकर नशे से दूर रहने का संकल्प लें और एक स्वस्थ, सुरक्षित व खुशहाल जीवन अपनाकर समाज को एक नई दिशा दें।

काउंसलिंग कर दिया परामर्श: शिविर में आयुर्वेदाचार्य डॉ. त्रिलोक चंद जांगिड़ ने नशे की लत, मानसिक भ्रम, अवसाद (डिप्रेशन), एंजायटी, माइग्रेन, मिर्गी के दौरे व ओसीडी (OCD) सहित बीपी, थायराइड, अस्थमा व त्वचा रोगों से पीड़ित लोगों की काउंसलिंग व जांच की तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। संस्थान द्वारा नशा मुक्ति के लिए दिए जाने वाले उपचार, संतुलित आहार, योग-ध्यान व 24 घंटे देखभाल जैसी सुविधाओं के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। शिविर को सफल बनाने में ग्राम पंचायत प्रशासक रामस्वरूप गुर्जर, ग्रामीण अरविंद, मुकेश, गोपाल व रामप्रसाद वैष्णव आदि ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

RELATED ARTICLES