Homeशासन प्रशासनसरकारी भूमि पर बजरी का अवैध स्टॉक, ग्रामीणों ने प्रशासन से की...

सरकारी भूमि पर बजरी का अवैध स्टॉक, ग्रामीणों ने प्रशासन से की अतिक्रमण हटाने की मांग

केकड़ी, 24 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ग्राम मीणों का नयागांव में सरकारी व आरक्षित भूमि पर बढ़ते अतिक्रमणों को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा रोष जताया है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने अतिरिक्त जिला कलक्टर चंद्रशेखर भंडारी को ज्ञापन सौंपकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की कीमती भूमि पर कतिपय लोगों ने अवैध रूप से बजरी के ढेर लगा दिए हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि खसरा नंबर 1511/632, 1594/1577 व 1593/1577 जो सरकारी भवनों के लिए आरक्षित है, उन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। इसके अलावा खसरा नंबर 403 व 404 जो बीसलपुर विस्थापितों के लिए आरक्षित की गई है, वहां भी बजरी का स्टॉक लगाकर अतिक्रमण किया गया है।

विरोध करने पर झगड़े पर उतारू अतिक्रमणकारी: ग्रामीणों ने शिकायत में उल्लेख किया है कि इन अतिक्रमणों के कारण आमजन को आवाजाही व अन्य कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब ग्रामीण अतिक्रमण हटाने की बात कहते हैं, तो संबंधित लोग लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। इस स्थिति के चलते गांव में वर्तमान में डर व तनाव का माहौल बना हुआ है। ज्ञापन के माध्यम से समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि पांच दिवस के भीतर-भीतर इन सरकारी भूमियों से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो सरकारी संपत्ति को और अधिक नुकसान हो सकता है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर कितनी तत्परता से कदम उठाता है।

RELATED ARTICLES