केकड़ी, 18 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सराना थाना पुलिस ने क्षेत्र में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुप्त कम्पार्टमेंट बनाकर की जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया है। थानाधिकारी नाहर सिंह मीणा ने बताया कि 12 मिल चौराहा पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। इस दौरान गुजरात नंबर की मैक्स बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की गहनता से जांच करने पर ट्रोले के नीचे विशेष रूप से तैयार किया गया एक गुप्त कम्पार्टमेंट मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने केबिन से कुल 622 पव्वे अवैध शराब बरामद की, जिसमें रॉयल चैलेंज के 213, मैजिक मोमेंट जामुन मिंट के 95 व रॉयल स्टैग के 314 पव्वे शामिल हैं।

नहीं मिला वैध लाइसेंस: पुलिस के अनुसार बरामद शराब पर केवल राजस्थान में बिक्री हेतु अंकित था, जिसके परिवहन का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। मौके से अहमदाबाद (गुजरात) निवासी वाहन चालक रामकुमार शर्मा (30) पुत्र ब्रिजकिशोर शर्मा व उसके साथी राजेश राजपूत (37) पुत्र अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी नाहर सिंह, हैड कांस्टेबल सुरेश कुमार, कांस्टेबल रामनिवास, अरुण व सत्यवीर सिंह ने अहम भूमिका निभाई है।


