केकड़ी, 24 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संत निरंकारी मण्डल ब्रांच केकड़ी के तत्वावधान एवं राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय अजमेर व जनाना चिकित्सालय अजमेर के सहयोग से आगामी 28 जून 2026 को अजमेर रोड स्थित निरंकारी सत्संग भवन में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। ब्रान्च मुखी अशोक रंगवानी ने बताया कि रक्तदान शिविर के प्रति जागरुकता पैदा करने के उदे्श्य से संत निरंकारी मिशन के महिला व पुरुष कार्यकर्ता घर-घर दस्तक दे रहे है।

टोलियों का किया गठन: आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि रक्तदान का आव्हान करते हुए महिलाओं, युवाओं एवं बालिकाओं की टोलियों ने बुधवार को अजमेर रोड स्थित पीर बाबा के आसपास की कॉलोनियों सहित कल्याण कॉलोनी, मास्टर कॉलोनी आदि में प्रचार-प्रसार किया। इसी प्रकार युवा कार्यकर्ताओं की टीमों ने शहर के मुख्य स्थानों पर रक्तदान शिविर की जानकारी वाले फ्लेक्स बैनर लगाकर प्रचार अभियान को गति दी।


