Homeक्राइम न्यूजथाने में सुनवाई की जगह मिली पिटाई: पीड़ित ने पुलिस उप अधीक्षक...

थाने में सुनवाई की जगह मिली पिटाई: पीड़ित ने पुलिस उप अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

केकड़ी, 11 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): खेत पर काम के दौरान हुए विवाद की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे पीड़ित ग्रामीण के साथ थाने में तैनात कांस्टेबल द्वारा बदसलूकी व मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस उपाधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसे निलंबित करने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बघेरा निवासी राजू कुमार झारोटिया पुत्र प्यारेलाल झारोटिया ने शिकायत में बताया कि उसके खेत के आसपास बीसलपुर पाइपलाइन का कार्य चल रहा था। बीते दिन शाम को जब एलएंडटी मशीन द्वारा खुदाई की जा रही थी, तब वह बिजली के खंभे व पेड़-पौधों को बचाते हुए खाई खोदने के लिए कह रहा था। इसी दौरान राहुल नामक युवक बिना अनुमति उसका वीडियो बनाने लगा। मना करने पर आरोपी ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज करते हुए पत्थरों से मारपीट की, जिससे उसके हाथ की उंगलियों और सिर पर गंभीर चोटें आईं।

पुलिसकर्मी ने की बर्बरता: घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने जब पीड़ित थाने पहुंचा, तो वहां मौजूद कांस्टेबल विवेक चौधरी ने सुनवाई करने के बजाय उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि कांस्टेबल ने पीड़ित के बाएं कान पर थप्पड़ मारे, जिससे उसे गंभीर चोट आई और उल्टी होने जैसी स्थिति बन गई। पीड़ित का कहना है कि आरोपी कांस्टेबल ने देर रात 12 बजे उसे धक्के देकर थाने से बाहर निकाल दिया और बंद करने की धमकी दी, जबकि दूसरे पक्ष के आरोपी को कुर्सी पर बैठाए रखा। पीड़ित ने डीएसपी से अपना मेडिकल मुआयना करवाने, दोषी कांस्टेबल के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर निलंबित करने व न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पीड़ित का दावा है कि उसके पास अभद्र व्यवहार और मारपीट की ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है।

इनका कहना है: इस संबंध में पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा का कहना रहा कि राजू झारोटिया की रिपोर्ट पर आरोपी राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी के साथ राहुल को शांतिभंग के तहत गिरफ्तार भी किया जा चुका है। ​पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट करने के आरोप पर शर्मा का कहना रहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

RELATED ARTICLES