Homeशासन प्रशासनमनरेगा कार्यों की समीक्षा बैठक: ई-केवाईसी व श्रमिक नियोजन में तेजी लाने...

मनरेगा कार्यों की समीक्षा बैठक: ई-केवाईसी व श्रमिक नियोजन में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर दी कार्रवाई की चेतावनी

केकड़ी, 07 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पंचायत समिति मुख्यालय पर गुरुवार को विकास अधिकारी दिशी शर्मा की अध्यक्षता में क्षेत्र में संचालित मनरेगा कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतवार प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी विकास कार्यक्रमों, श्रमिक नियोजन व नवीन कार्यों के प्रस्तावों पर गंभीरता से मंथन किया गया। विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनरेगा के अंतर्गत अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ई-केवाईसी प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण करवाने के निर्देश दिए, ताकि श्रमिकों के मजदूरी भुगतान में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही नवीन विकास कार्यों के प्रस्ताव समयबद्ध रूप से तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजने को कहा गया।

पौधारोपण व पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर: बैठक में नर्सरी स्थापना, पौधारोपण व पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को लेकर विशेष चर्चा की गई। विकास अधिकारी शर्मा ने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक पौधारोपण अभियान की कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने जल संरक्षण व हरित विकास को ग्रामीण विकास की मुख्य प्राथमिकता बताते हुए रोपे गए पौधों की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान विभिन्न योजनाओं में प्रगति धीमी पाए जाने पर विकास अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया।

धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी: बैठक के दौरान विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने कार्यों में लापरवाही, अनियमितता व उदासीनता बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई किए जाने के संकेत दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्ध क्रियान्विति में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कार्मिकों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाएं व कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें।

RELATED ARTICLES