केकड़ी, 21 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बोहरा कॉलोनी स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अष्टानिका पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को 22वें तीर्थंकर श्री 1008 नेमिनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव धार्मिक वातावरण में हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। समाज के अध्यक्ष ज्ञान चंद जैन (ज्वैलर्स) व मंत्री कैलाश जैन (मावा वाले) ने बताया कि प्रातःकाल पंडित निकेत शास्त्री के सानिध्य में धार्मिक क्रियाओं के साथ जिनेंद्र देव का जिनाभिषेक, शांतिधारा एवं विशेष पूजन-अर्चन संपन्न हुआ।

पुण्यार्जक परिवारों ने निभाईं धार्मिक रस्में: महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक क्रियाओं का पुण्यार्जन श्रद्धालुओं द्वारा भक्तिभाव से किया गया। श्री नेमिनाथ भगवान के स्वर्ण कलश व निर्वाण मोदक का लाभ भागचंद, ज्ञानचंद, जैन कुमार, विनय कुमार भगत परिवार को प्राप्त हुआ। श्रीजी के स्वर्ण कलश पदमचंद, अमित कुमार थांवला परिवार ने किया गया। भगवान अजितनाथ के निर्वाण मोदक व शांतिधारा का पुण्यार्जन विमल कुमार, चेतन कुमार बंसल परिवार ने प्राप्त किया। श्रीजी की शांतिधारा टीकमचंद, विपिन कुमार रामथला परिवार द्वारा की गई।

महाआरती व भक्तामर दीप अर्चना का आयोजन: शांतिनाथ भगवान के निर्वाण मोदक का सौभाग्य शांतिलाल, पारस कुमार, विनोद कुमार, राकेश कुमार मंगल परिवार ने प्राप्त किया। मीडिया प्रभारी पारस जैन व रमेश बंसल ने बताया कि संध्या काल में मंदिर प्रांगण में आरती, भक्ति संगीत, शास्त्र सभा, स्वाध्याय, भक्तामर पाठ एवं भक्तामर दीप अर्चना के साथ भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री नेमिनाथ के गुणों का संगीतमय बखान कर धर्म लाभ उठाया।


