केकड़ी, 21 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का समापन समारोह सोमवार शाम अजमेरी गेट स्थित कटारिया विश्रामशाला में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व सामूहिक आरती के साथ किया गया। शिविर प्रभारी डॉ. अजय फुलवरिया ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 14 जुलाई से शुरू हुए इस शिविर में कुल 774 रोगियों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया, जिनमें 448 पुरुष व 326 महिलाएं शामिल हैं। शिविर के दौरान अभ्यंग, स्वेदन, ग्रीवा बस्ती, कटि बस्ती, जानु बस्ती, अग्निकर्म, मात्रा बस्ती व नाड़ी स्वेद सहित अनेक आयुर्वेदिक व पंचकर्म पद्धतियों से जटिल रोगों का उपचार कर मरीजों को राहत पहुंचाई गई।

चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों का सम्मान: समापन समारोह के दौरान शिविर में सेवा देने वाले राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय व आयुर्वेद विभाग के चिकित्सकों एवं स्टाफ का बहुमान किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. गिरिराज साहू, डॉ. धर्मचंद नापित, डॉ. अजय फुलवरिया, डॉ. कमलेश गुर्जर, डॉ. चंपालाल सोलंकी, डॉ. अमित कुमार, डॉ. जगदीश प्रसाद, डॉ. शिवराम जाट, डॉ. लोकेश धाकड़, डॉ. लोकेश कुमार शर्मा, डॉ. दुर्गाप्रसाद रेगर, डॉ. विकास कुमार मीणा एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनमोहन आछेरा शामिल रहे। समारोह को संबोधित करते हुए विहिप जिला उपाध्यक्ष हीराचंद खुटेटा ने कहा कि यह शिविर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।

मानव सेवा की मिसाल बना शिविर: विहिप जिला मंत्री गोविंद शर्मा ने कहा कि संगठन गौसेवा व धर्म रक्षा के साथ-साथ अब मानव सेवा के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है। कार्यकर्ताओं और चिकित्सकों के समर्पण ने इस आयोजन को ऐतिहासिक सफलता दिलाई है। इस अवसर पर विहिप जिला उपाध्यक्ष चांदमल जैन, नगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजयवर्गीय, जिला सत्संग प्रमुख काशीराम विजय, जिला सेवा प्रमुख विनीता जोशी, जिला गोरक्षा प्रमुख राम अवतार चौधरी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ज्ञानदेव शर्मा, नगर मंत्री मुकेश शर्मा (एडवोकेट), बजरंग दल संयोजक अनुराग शर्मा, सह संयोजक संजय कुमावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


