केकड़ी, 21 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजमेर के निर्देशानुसार राज्य स्तरीय ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडेएस— लीगल लिटरेसी एंड सेंसटाइजेशन प्रोग्राम इन स्कूल अभियान के तहत तालुका केकड़ी में मंगलवार को व्यापक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने केकड़ी स्थित विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर कक्षा 8वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया तथा कानून व जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक बनाया। इसी के साथ विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, पॉक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों तथा मुफ्त विधिक सहायता योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

नशे से दूरी व उज्ज्वल भविष्य का दिया संदेश: शिविरों के दौरान “Say no to Drugs, Yes to Your dreams – Drugs are not cool: Protect your mind, body and future” विषय पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि नशा न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि व्यक्ति के सुनहरे भविष्य और सपनों को भी खत्म कर देता है। युवाओं को नशे के जाल से बचकर अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया। कार्यक्रमों में विद्यालयों का शैक्षणिक स्टाफ व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

न्यायिक अधिकारियों ने किया जागरूक: अभियान के तहत अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या 02 केकड़ी प्रवीण कुमार वर्मा द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेवदाकला में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों से सीधा संवाद कायम किया गया। अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या 01 केकड़ी जयमाला पानीगर ने मां भारती उच्च माध्यमिक विद्या निकेतन केकड़ी में विद्यार्थियों को नशामुक्ति सहित विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 01 केकड़ी आशीष बैंदाडा ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नायकी एवं सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट केकड़ी मोहम्मद शारिक ने संस्कार एकेडमी माध्यमिक विद्यालय केकड़ी में बच्चों को कानून व अधिकारों के प्रति जागरूक किया।


