केकड़ी, 17 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होमियोपैथी में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सामुदायिक चिकित्सा विभाग की सहायक आचार्य डॉ. लक्की चौहान के मार्गदर्शन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों व संकाय सदस्यों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ व नशामुक्त जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों व संकाय सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, उनसे होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं व नशामुक्त जीवनशैली के महत्व पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।

नशा मुक्त भारत की दिलाई शपथ: इसके पश्चात तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा उपस्थित सभी विद्यार्थियों व संकाय सदस्यों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने व समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पुनीत आर. शाह ने आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सामुदायिक चिकित्सा विभाग, सभी संकाय सदस्यों व विद्यार्थियों का धन्यवाद किया तथा स्वस्थ व नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।


